एग्जाम में नकल के लिए दिल्ली से खरीदी थी विग


बीकानेर

नकली बालों की विग में ब्लूटूथ लगाकर राजस्व अधिकारी की परीक्षा देने पहुंचे तीनों आरोपियों को बीकानेर पुलिस बुधवार को दिल्ली लेकर रवाना हुई। पुलिस विग विक्रेताओं से पूछताछ करने के साथ ही वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालेगी। साथ ही आरोपियों द्वारा ब्लूटूथ लगाने वाले व्यक्ति की तस्दीक भी करवाएगी। पूरे प्रकरण की जांच कर रहे एडिशनल एसपी हरि शंकर ने बताया कि पुलिस जाब्ते के साथ दो एसआई अधिकारियों को आरोपियों के साथ भेजा है। इस मामले में गिरफ्तार जांगलू निवासी मनोज कुमार बिश्नोई, नत्थूसर बास के महेंद्र कुमार ब्राह्मण और रासीसर के पवन कुमार मंडा से मौका तस्दीक करवाएंगे। उल्लेखनीय है कि तीनों आरोपियों को बीकानेर पुलिस की सतर्कता के चलते रविवार को आरपीएससी द्वारा आयोजित राजस्व अधिकारी (आरओ) भर्ती परीक्षा में नकली बालों में लगे ब्लूटूथ सेटअप के साथ गिरफ्तार किया था।
मुख्य सरगना तुलछाराम की तलाश जारी
एडिशनल एसपी हरि शंकर ने बताया कि ब्लूटूथ मामले के मुख्य नकल सरगना तुलछाराम कालेर की तलाश के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर उसे और उसके सहयोगियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जोधपुर के दो अभ्यर्थी भी तुलछाराम के संपर्क में थे, उनकी तलाश भी की जा रही है।


CATEGORIES
Share This