आर्मी फायरमैन भर्ती परीक्षा


आर्मी के कानासर डिपो में फायरमैन के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में दो अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस से नकल करते रंगे हाथों पकड़ लिया। इन्हें आर्मी के जवानों ने बीछवाल पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक अभ्यर्थी कुलदीप पुत्र सुखवीर सिंह यूपी के एटा और दूसरा अभ्यर्थी अमित ओझा पुत्र रामजीलाल आगरा का रहने वाला है।

बीछवाल थाने के एसएचओ महेंद्र दत्त शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा। आरोपियों ने ब्लूटूथ डिवाइस को अपनी बाजू में बांध रखा था। इनके कब्जे से दो मोबाइल सिम लगे ब्लूटूथ डिवाइस और बैंक के मास्टर कार्ड मिले हैं। आरोपियों के खिलाफ आर्मी ऑर्डिनेंस कोर के सूबेदार जीवन सिंह ने बीछवाल थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। इससे पूर्व राजस्व अधिकारी की परीक्षा में विग में ब्लूटूथ डिवाइस से नकल के मामले पकड़े जा चुके हैं।

45 मिनट बाद पकड़ में आए आरोपी

दाेनाें अभ्यर्थी परीक्षा शुरू हाेने के 45 मिनट बाद पकड़ में अाए। उनकी हरकतें संदिग्ध लगने पर सेना के जवानाें ने तलाशी ली ताे दाेनाें के पास ब्लूटूथ डिवाइस मिले। परीक्षा में 980 अभ्यर्थी बैठे थे। इस घटना के बाद सभी अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। लेकिन अन्य किसी अभ्यर्थी के पास ब्लूटूथ डिवाइस नहीं मिला। एसएचओ ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर इन्हें गाइड कर रहे आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।


CATEGORIES
Share This