पटरी पर मिली थी महिला की लाश, CID करेगी जांच!


अजमेर जिले के किशनगढ़ में सरोज खटीक मौत मामले की जांच जीआरपी से हटाकर सीआईडी की सौंपी जा सकती है। इसे पुलिस मुख्यालय का सर्कुलर प्रक्रिया बताया जा रहा है। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन विभागीय अधिकारियों का इस पर विचार-विमर्श शुरू हो चुका है।

18 अगस्त को किशनगढ़ में रेलवे ट्रैक पर अरांई निवासी महिला सरोज खटीक का शव पड़ा मिला था। सूचना पर पहुंचे मृतका के बेटे गोविंद का कहना था कि 18 अगस्त की सुबह से ही उनकी मां लापता थी। गोविंद का आरोप था कि उनकी नानी की 600 गज जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उनकी मां का अपहरण कर हत्या की गई है। गोविंद ने एक विधायक के पीए, विधायक और अरांई थाना प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रदर्शन भी किया था। दो दिन के प्रदर्शन के बाद जीआरपी थाना अजमेर में विधायक के पीए को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

वहीं मामले में विधायक का नाम आते ही केस हाई प्रोफाइल बन गया। शुरूआती जांच सीओ जीआरपी हर्षित शर्मा को सौंपी गई लेकिन अभी तक जांच में कुछ भी सामने नहीं आया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में विधायक का नाम आने और उन पर आरोपों की वजह से जांच को सीआईडी के हवाले करने की चर्चा तेज हो गई है। विभागीय अधिकारी इसे पुलिस मुख्यालय का सर्कुलर बता रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी मामले में अगर विधायक पर आरोप हों तो उसकी जांच सीआईडी को सौंपी जाती है। फिलहाल इसे लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन उच्च स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। आगामी दो-तीन दिनों में मामले की जांच से जुड़ी स्थिति साफ हो जाएगी कि जांच जीआरपी के पास ही रहेगी या फिर सीआईडी को सौंपी जाएगी।


CATEGORIES
Share This