ऑनलाइन इनवेस्टमेंट के नाम पर साढ़े तीन लाख की ठगी:










शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी और पीड़ित आपस में दोस्त हैं। परिचय होने के कारण पीड़ित ने आरोपी की बताई साइट पर दी गई स्कीम में इनवेस्टमेंट किया। उसे अपने इन्वेस्टमेंट की एवज में कई गुणा ज्यादा रुपए रिटर्न के रूप में मिलने की बात कही गई थी। लेकिन जब रुपए नहीं मिले तो पीड़ित ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवा दिया। शहर की होमलैंड सिटी कॉलोनी में रहने वाले गांव तेरह केएनडी के मूल निवासी अजय कुमार पुत्र पृथ्वीराज ने बताया कि गांव रतनपुरा निवासी सुनील कुमार पुत्र संतोष कुमार उसका दोस्त है। परिचय होने के कारण उसने उसे एक इन्वेस्टमेंट स्कीम वस्तुम के बारे में बताया। उसने बताया कि वस्तुम स्कीम में इन्वेस्टमेंट के लिए उसे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके बाद वह इस साइट पर इन्वेस्टमेंट करेगा। इसकी एवज में उसे बड़ा रिटर्न मिला। योजना के बारे में जानकारी देने के लिए सुनील ने उसे इस साल ग्यारह मई को डी ब्लॉक में वकीलों वाली डिग्गी के पास बुलाया। उसके साथ उसकी पत्नी पूजा भी थी। आरोपियों ने इस साइट पर उससे साढ़े तीन लाख रुपए इन्वेस्ट करवा लिए लेकिन इसकी एवज में उसे रिटर्न नहीं मिला। परेशान होकर पीड़ित ने कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया। मामले की जांच एसआई रामेश्वरलाल को दी गई है।

