मीटिंग छोड़ खींवसर निकले ऑब्जर्वर अमित सिहाग










कांग्रेस ऑब्जर्वर अमित सिहाग नागौर पहुंचे। कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को प्रत्याशी चयन पैनल की मीटिंग में उनकी मौजूदगी में हंगामा हो गया। ऐसे में हरियाणा से आए ऑब्जर्वर अमित सिहाग बीच में ही मीटिंग छोड़ खींवसर के लिए निकल गए।
उन्होंने कहा कि शोर-शराबे के बीच न तो किसी को सुन पाएंगे न ही किसी को कुछ बता पाएंगे। हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि अब पहले खींवसर जाऊंगा। फिर सर्किट हाउस में एक-एक से मिलूंगा।
ये हंगामा तब हुआ जब पूर्व विधायक हबीबुर्रहमान के विरोध में कुछ लोग ज्ञापन देने के लिए ऑब्जर्वर अमित सिहाग के कमरे में दाखिल होने लगे। पूर्व विधायक के लोग और अन्य कार्यकर्ता उन्हें कमरे में घुसने से रोकने लगे।
20 मिनट चले इस घटनाक्रम में आखिरकार ऑब्जर्वर अमित सिहाग को कमरे से बाहर आना पड़ा। मीटिंग शुरू होने से पहले ही बंद हो गई। वे एक भी दावेदार से नहीं मिल सके। फिर वे बोले कि अब बाद में मिलूंगा। सभी शांति से मिलें, नारेबाजी या शोर-शराबा करने से कुछ नहीं होगा, एक एक दावेदार के बारे में पार्टी के पास फीडबैक पहुंच चुका है।

