करंट से 4 झुलसे, 2 की मौत










लोहे की सीढ़ी को ऊंचा कर रहे चार मजदूर 11KV बिजली लाइन से झुलस गए। दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, मृतकों के परिवार वालों ने हॉस्पिटल में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर उनको शांत किया और शवों का पोस्टमॉर्टम कराया। मामला बारां जिले के अंता कस्बे का है।
कस्बे के पास टिकरिया पेट्रोल पंप के पास हाईवे किंग फैमिली रेस्टोरेंट पर बुधवार दोपहर करीब 12 बजे दर्दनाक हादसा हुआ। होटल के चार मजदूर एक लोहे की सीढ़ी को ऊंचा कर रहे थे। इसी दौरान यह सीढ़ी वहां से गुजर रही 11KV बिजली लाइन के तार को छू गई। करंट की चपेट में आने से चारों मजदूर झुलस गए। इन्हें अंता हॉस्पिटल ले जाया गया। डॉक्टरों ने रामस्वरूप (25) पुत्र परमानंद नायक निवासी बंबोरी और महेश (20) पुत्र हीरालाल बैरवा को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घायल हुए राहुल (18) पुत्र रामविलास निवासी क्वासपूरा और कुलदीप पुत्र धनराज का निवासी बंबोरी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

