केंद्रीय मंत्री शेखावत के साथ कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी










भाजपा के नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत सचिवालय घेराव के दौरान केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ गिरफ्तारी दी।
भारतीय जनता पार्टी के नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत मंगलवार को जयपुर में सचिवालय घेराव किया गया। भाजपा कार्यालय में सभा के बाद कार्यकर्ता सचिवालय की ओर कूच करने लगे तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रास्ता रोक दिया।
इस दौरान पुलिस के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की झड़प हुई और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भाजपा के बड़े नेताओं के साथ इस प्रदर्शन में हिस्सा लिया और गिरफ्तारी दी। शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पैरों में बंधी पट्टी की तुलना पंचर गाड़ी से की।
उन्होंने कहा- जिस प्रकार से गाड़ी का टायर पंचर होने पर टायर बदलना पड़ता है ठीक वैसे ही अब सरकार को भी बदलने का वक्त आ गया है।
इससे पहले जोधपुर शहर के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सालेचा के नेतृत्व में भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग वाहनों से जयपुर कूच किया। इस मौके पर विधायक सूर्यकांत व्यास, महापौर वनिता सेठ, पूर्व ज़िलाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, नरेंद्र कच्छवाह, जिला महामंत्री महेंद्र मेघवाल, डॉ करनी सिंह खींची, कार्यक्रम संयोजक राजेंद्र पालीवाल, प्रसन्न मेहता ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
सालेचा ने बताया कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ नहीं सहेगा अभियान में जनता ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
जयपुर में भी लाखों की संख्या में प्रदेश से कार्यकर्ता जुटे और कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लिया। इस मौके पर नरेश सुराणा, सुभाष गहलोत, संगीता सोलंकी, वरुण धनाड़िया, किशन लड्ढ़ा, जगत नारायण जोशी, महेंद्र छंगाणी, भूपेन्द्र राज सिंघवी, राकेश बग़रेचा सहित अन्य मौजूद रहे

