प्रेमी के साथ मिलकर जीजा की कुल्हाड़ी से हत्या …..


मुक्तसर साहिब जिले में सरहज (सालेहार) ने प्रेमी के साथ मिलकर जीजा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। दरअसल, जीजा प्रेम प्रसंग में रोड़ा बन रहा था। हत्या को अंजाम देने के बाद मृतक के शव को जलालाबाद रोड पर खेतों में फेंक दिया।

मंगलवार को एसएसपी भागीरथ मीना ने प्रेसवार्ता में खुलासा किया कि सोमवार की सुबह मुक्तसर के जलालाबाद रोड पर खेतों में एक बुजुर्ग का शव मिला था। शव पर गहरी चोट के निशान थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और मृतक की पत्नी वीरपाल कौर के बयान पर थाना सदर में अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी।

मृतक की पत्नी ने बताया कि उसके पति सोहन सिंह (60) पुत्र किक्कर सिंह निवासी गांव लद्दूआना (फाजिल्का) की मामी गुरमीत कौर अपनी बेटी सुखविंदर कौर के पास मुक्तसर के गांव चक्क बधाई बोरियां वाली बस्ती में रहती है। मामी की बेटी सुखविंदर कौर रिश्ते में पति की सरहज भी लगती है। मामी अक्सर बीमार रहती है। उसका पति रविवार की शाम सात बजे मामी का हाल जानने गांव चक्क बधाई में अपने साइकिल पर गया। मगर देर रात तक घर नहीं लौटा। जब उसके पति की कोई सूचना नहीं मिली तो वह अपने बहू और बेटे के साथ पहले सारी रात खोजबीन की। इसके बाद वह सोमवार की सुबह जब मुक्तसर के जलालाबाद रोड से गुजरे तो उन्हें खेतों में पड़ा एक शव मिला। पास जाकर देखा तो शव उसके पति का था। उसके सिर और अन्य जगहों पर गहरी चोट थी।

एसएसपी ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच के लिए डीएसपी संजीव गोयल की देखरेख में सीआइए प्रभारी गुरविंदर सिंह, थाना सदर प्रभारी वरुण व पुलिस टीमों का गठन किया और इस टीम ने जांच के बाद हत्यारोपी सरहज सुखविंदर कौर और उसके प्रेमी बेअंत सिंह निवासी सोहनेवाला को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मृतक सोहन सिंह उनके प्रेम प्रसंग में रुकावट बन रहा था। सोहन सिंह अक्सर ही सुखविंदर कौर को उसके प्रेमी बेअंत सिंह से मिलने से रोकता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। इन्हें अब अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा।


CATEGORIES
Share This