ठिठुरन और सर्द हवा में गुजरा दिन……










राज्य के अधिकांश हिस्सों में सोमवार सुबह भी कोहरे का घना पहरा लगा रहा। कोहरे के चलते दृश्यता काफी कम रही, इससे वाहन चालकों को परेशानी हुई।
पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक से रविवार देर रात चूरू, झुंझनूं, अलवर और सीकर में हल्की बारिश हुई। प्रदेश के अनेक हिस्सों में सोमवार को आसमान में बादल छाए रहे, इससे सूर्य के दर्शन नहीं हो पाए। हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान माइनस एक डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन भर गलन, सर्द हवा और ठिठुरन से लोग परेशान रहे।
जयपुर में दोपहर में धूप खिली : जयपुर और आस-पास के उपनगरों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। आगरा रोड, अजमेर रोड पर कोहरे के चलते वाहन चालक परेशान रहे। दोपहर में हल्की धूप खिली, लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिल पाई। जयपुर में दिन का तापमान 16.7 और रात का तापमान 8.5 डिग्री दर्ज किया गया।
प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आए दिन पाला गिरने से फसल को काफी नुकसान हो रहा है। अलवर में 3.0, पिलानी में 4.8, सीकर में 4.0, फतेहपुर शेखावाटी में 4.1, सिरोही में 4.5 डिग्री तापमान होने से फसल में पाला गिरने की सूचना हैं।
आज इन शहरों में रहेगी कोल्ड डे की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को बूंदी, दौसा, धौलपुर, करौली, सवाईमाधोपुर और टोंक में कोल्ड-डे की स्थिति रहेगी। साथ ही संभावना है कि मंगलवार को कोटा, अजमेर, भरतपुर, जयपुर और जोधपुर संभाग में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है।

