26 जनवरी तक बनाए जाने हैं 8.66 लाख आयुष्मान कार्ड, अब तक आधे ही बनाए गए….


आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनाने का टारगेट पूरा करने में स्वास्थ्य विभाग के पसीना छूट रहा है। 26 जनवरी तक जिले में 8 लाख 66 हजार 515 कार्ड बनने है, लेकिन अब तक आधे ही बन पाए

दरअसल जिले में 2011 की जनगणना के अनुसार 8 लाख 66 हजार 515 कार्ड बनाने के लिए सरकार ने 26 जनवरी तक का समय तय किया था। इसकी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग को सौंपी गई है। इसकी मॉनिटरिंग रोज कलेक्टर कर रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मोबाइल एप से लाभार्थियों के कार्ड बनाने के लिए 300 सीएचओ और आशा सहयोगी को लगा रखा है। अब तक करीब सवा चार लाख कार्ड ही बन पाए हैं। बीस दिन में चार लाख से अधिक कार्ड बनने हैं, लेकिन ई केवाईसी बनने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं।

काफी परिवारों को मोबाइल नंबर आधार से कनेक्ट ही नहीं है। इसके लिए उन्हें ई मित्र जाकर आधार से मोबाइल नंबर अपडेट कराने को कहा जा रहा है। इसके अलावा लक्ष्य पूरा करने के लिए पांच सौ आशा सहयोगी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी जल्दी ही लगाने की तैयारी की जा रही है। सीएमएचओ डॉ मोहम्मद अबरार पंवार ने बताया कि लाभार्थी स्वयं घर बैठे अपना ई केवाईसी कर सकते हैं।


CATEGORIES
Share This