अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर, तीन बच्चों की मौके पर ही मौत, 11 घायल….










श्रीडूंगरगढ़। क्षेत्र के आड़सर गांव से चार किलोमीटर दूर सरदारशहर की ओर शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों की मौत हो गई और 11 जने घायल हो गए। जानकारी के अनुसार अज्ञात वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी। कार में 10 बच्चे, तीन महिलाएं और एक पुरुष सवार थे। ये सभी लोग कार में सवार होकर गांव बिरमसर व सुरजनसर से बन्धनाऊ शादी कार्यक्रम में जा रहे थे।
इस दौरान स्टेट हाईवे पर आड़सर गांव से चार किलोमीटर दूर सरदारशहर की ओर अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कार के परखच्चे उड़ गए और कार में सवार तीन बच्चो की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्चों की आयु करीब 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे में 7 बच्चे, तीन महिलाएं व एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को आपणो गांव सेवा समिति की एम्बुलेंस व निजी वाहनों से उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक बच्चों के शव उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। सूचना मिलने पर थानाधिकारी अशोक विश्नोई, एएसआई रविन्द्र सिंह व हेतराम भी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जानकारी ली।
अस्पताल में जब घायलों को लाया गया तो चीख-पुकार मच गई। चिकित्सकों के साथ सेवादारों ने भी घायलों के इलाज में मदद की। सूचना पर समाजसेवी जुगलकिशोर तावनियां, आशीष जाड़ीवाल भी अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार के बारे में जानकारी ली।

