Nokha : नवली गेट से सभी मुख्य मार्गों व सड़कों पर अतिक्रमण हो रहा ……


नवली गेट से जैन चौक, सदर बाजार, घंटाघर, मिर्ची मार्केट पट्टी, कटला चौक सहित सभी मुख्य मार्गों व सड़कों पर अतिक्रमण हो रहा है। अतिक्रमण से सड़कें सिकुड़ गई हैं, जिससे वाहनों के आवागमन के लिए काफी कम जगह बच गई है। चाहे वह नगर का मुख्य मार्ग हो या कोई गली हर ओर अतिक्रमण किया गया है। नगर के मुख्य मार्ग पर व्यापारियों ने अपनी दुकानों के आगे सड़क पर सामान सजाकर अतिक्रमण कर रखा है। नवली गेट से जैन चौक जाने वाली सड़क पर दर्जनभर से अधिक फास्ट-फूड के रेहड़ी-ठेले लगे हैं, यहां पर उनका कब्जा हो रहा है।

शहर में आप किसी भी बाजार या फिर सड़क पर नजर दौड़ा लीजिए। ऐसी कोई जगह नहीं मिलेगी, जहां दुकानदारों ने आधी सड़क अपने कब्जे में ना कर ली हो। बड़ी बात तो यह है कि इन मार्गों व सड़कों से होकर कई बार जिम्मेदार अधिकारियों का आना-जाना भी होता है, लेकिन अतिक्रमण को लेकर प्रशासन की अनदेखी जारी है। इसका नतीजा हर आम व्यक्ति प्रत्येक दिन भुगत रहा है।

शहर के जानकारों का कहना है कि अगर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करना है तो प्रभावी कार्यवाही जरुरी है। इसके अलावा राजनीतिक दखल भी नहीं होना चाहिए। दरअसल अक्सर यह देखने में आता है कि अगर प्रशासन अतिक्रमण पर कार्रवाई करने जाता है, तो नेताओं के फोन उनके पास पहुंचने लगते हैं। इससे वे पीछे हट जाते हैं। गत दिनों तत्कालीन संभागीय आयुक्त ने नोखा पहुंचकर बाजार में कुछ अतिक्रमण हटाए थे। उनके जाते ही फिर से अतिक्रमण हो गए।

सड़क पर अतिक्रमण के लिए जिम्मेदार दुकानदार ही नहीं बल्कि वाहन चालक भी हैं। वे जहां मन करता है, वहीं वाहन खड़ा कर देते हैं। ऐसे में कई बार सड़क पर जाम लग जाता है, जिससे लोगाें को काफी परेशानी होती है। शहर की बदहाल ट्रेफिक व्यवस्था से लोग खासे परेशान है, लेकिन इसमें सुधार के कहीं प्रयास नजर नहीं आ रहे है। नवली गेट पर दिनभर में कई बार जाम की िस्थति रहती है, यातायात पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर खड़े रहते हैं, जाम खुलाने की कोई कवायद नहीं करते हैं।


CATEGORIES
Share This