आईटी शेयरों में जोरदार तेजी से निवेशक मालामाल…..


आईटी शेयरों में जोरदार तेजी के चलते भारतीय शेयर बाजार गुरुवार 16 नवंबर को लगातार दूसरे दिन तेजी के साथ बंद हुए। सेंसेक्स जहां 306 अंक चढ़ गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 19,750 के पार पहुंच गया।

इसके चलते निवेशकों की संपत्ति आज करीब 1.66 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी आधा-आधा प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। आज के कारोबार में आईटी शेयरों के अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, रियल्टी, ऑटो और फार्मा शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली।

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 306.55 अंक यानी 0.47% की तेजी के साथ 65,982.48 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी (Nifty) 89.75 अंक या 0.46% की छलांग लगाकर 19,765.20 के स्तर पर बंद हुआ।

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 16 नवंबर को बढ़कर 327.06 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार 15 नवंबर को 325.40 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 1.66 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में करीब 1.66 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर

आज सेंसेक्स के 30 में से 22 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) के शेयरों में सबसे अधिक 2.93 फीसदी की तेजी रही। वहीं एचसीएल टेक (HCL Tech), टेक महिंद्रा (Tech Mahindra), इंफोसिस (Infosys) और एनटीपीसी (NTPC) के शेयर करीब 1.88% से लेकर 2.82% तक की तेजी के साथ बंद हुए।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,874 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 2,030 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 1,720 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 124 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 341 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 22 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।


CATEGORIES
Share This