Bikaner : दिवाली तक हर दिन तीन घंटे पुलिस की विशेष चेकिंग होगी….










बीकानेर विधानसभा चुनाव के साथ-साथ दीपावली के त्योहार के मद्देनजर पुलिस ने एक्शन प्लान बनाया है। दीपावली के मौके पर हुड़दंग करने, शराब पीकर वाहन चलाने एवं यातायात को बाधित करने वालों पर पुलिस शिकंजा कसेगी।
सात नवंबर से दीपावली तक हर दिन शहर के सभी थाना इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। विशेष चेकिंग अभियानों की प्रतिदिन की कार्रवाई रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी जाएगी। कार्यवाही में लापरवाही करने वाली संबंधित टीम के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। पिछले दस महीनों में हुई सड़क दुर्घटनाओं के दौरान चालकों के नशे में होने एवं युवाओं के शराब पीकर तेजगति से वाहन चलाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। दीपावली के त्योहार पर किसी परिवार में खलल न हो, इसलिए पुलिस पहले से सख्त कदम उठाने जा रही है। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आने की हिदायत पुलिस अधिकारियों को दी है। साथ चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनेलाइजर को उपयोग में लेने की हिदायत दी है।
कोटगेट थाना क्षेत्र के रानीबाजार पुलिया सूरज टॉकिज के पास, बोथरा कॉम्प्लेक्स एवं जेएनवीसी थाना क्षेत्र के शनि मंदिर पवनपुरी, नयाशहर थाना क्षेत्र के पूगल फांटा और गंगाशहर थाना क्षेत्र के भीनासर चूंगी चौकी, पुलिस लाइन चौराहा, भुट्टों का चौराहा, तीर्थथम्ब, गजनेर रोड, पवनपुरी, महिला थाने के पास पर शाम छह बजे से रात नौ बजे तक विशेष नाकाबंदी लगाई जाएगी। हर दिन नाकाबंदी के स्थानों को बदला जाएगा। नाकाबंदी में उपनिरीक्षक, एएसआइ, हवलदार के नेतृत्व में चार-चार सदस्यीय टीम तैनात रहेगी।
पुलिस का मानना है कि कई युवा शराब पीकर तेजगति से वाहन चलाते हैं और सड़कों पर हुड़दंग मचाते हैं और दुर्घटना का शिकार होते हैं। 45 फीसदी सड़क हादसे चालक के नशे में होने के कारण होते हैं। जब चालकों को भय रहेगा कि अब उनकी हरकत पकड़ में आ जाएगी, तो हो सकता है बहुत से लोग अन्य किसी तरह का नशा व शराब पीकर वाहन चलाना बंद कर दें। अभियान के दौरान पुलिस नशे में वाहन चलाने, एक बाइक पर तीन-चार सवारी बैठाने वालों पर तो कार्रवाई करेगी। साथ ही प्रेशर हॉर्न बजाने, हुड़दंग करने, सड़कों पर आवारा घूमने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करेगी।

