Bikaner : पश्चिम से कल्ला ने दाखिल किया नामांकन, बोले मैं सबसे बड़ा हिन्दू…


शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने गुरुवार को यहां कलेक्टरी परिसर में नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले कल्ला ने रैली नहीं निकाली बल्कि अपने कार्यकर्ताओं को कलेक्टरी पर स्थित इंदिरा गांधी मूर्ति के पास एकत्र किया।

वो अपने कुछ समर्थकों के साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) के समक्ष पहुंचे और वहां नामांकन दाखिल किया। इस दौरान डॉ. कल्ला के साथ नगर विकास न्यास के पूर्व चैयरमेन मकसूद अहमद, शहर कांग्रेस पदाधिकारी बाबू जयशंकर जोशी, गौरीशंकर व्यास और एडवोकेट महीधर नारायण पुरोहित थे। बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सात गारंटी के दम पर राजस्थान में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने बीकानेर की रेल क्रासिंग समस्या, पेयजल समस्या, आयुर्वेद कॉलेज, डेयरी साइंस कॉलेज, पब्लिक हेल्थ कॉलेज और दो अकादमिक कॉलेज की बिल्डिंग बनाने, स्कूल्स विकसित करने का विश्वास दिलाया। डॉ. कल्ला ने कहा कि बीकानेर को लेकर मास्टर प्लान हमारे पास है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी फितरत कर रहे हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। हमारा चुनाव शांतिपूर्ण होना चाहिए।

 

डॉ. कल्ला के समर्थन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। जिन्हें इंदिरा गांधी प्रतिमा के पास रोक दिया गया। यहीं पर बाद में डॉ. कल्ला ने कार्यकर्ताओं संबोधित किया। कुछ कार्यकर्ता व समर्थक उनके साथ बेरिकेड्स तोड़कर एडीएम सिटी ऑफिस के बाहर तक पहुंच गए। जहां उन्हें रोकने के लिए आरएसी के अधिकारी पहले से तैनात थे। डॉ. कल्ला बाहर निकले तो एक बारगी अफरातफरी हो गई। इस पर सीओ सदर शालिनी बजाज पुलिसकर्मियों व आरएसी के जवानों पर नाराज भी हुई।

उधर, भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी जेठानन्द व्यास शुक्रवार को नामांकन दाखिल करेंगे। इसके लिए व्यास रैली के रूप में कलेक्टरी तक पहुंचेंगे। व्यास की ओर से हो रहे प्रचार में गोकुल सर्किल से कार्यकर्ताओं की रैली निकाली जाएगी। जों विभिन्न रास्तों से होते हुए कलेक्टरी पहुंचेगी। व्यास की ओर से कोई अधिकृत कार्यक्रम अब तक जारी नहीं किया गया है। भाजपा कार्यकर्ता उनकी नामांकन रैली को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं।


CATEGORIES
Share This