सिलेंडर फटने से नकदी और आभूषण समेत फसल जल गई…..


तहसील के कास्टी गांव में भादुओं की ढाणी में गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से वहां रखा सामान और फसल जलकर राख हो गए। ग्रामीण रामनिवास भादू ने बताया कि पुजारी पोकर गिरि और उसकी पत्नी सोहनी देवी शाम करीब साढ़े चार बजे खेत में काम कर चाय पीने घर लौटे थे।

जैसे ही सोहनी देवी गैस पर पानी चढ़ाकर दूध लेने बाहर निकली जोरदार धमाके के साथ सिलेंडर में आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोग पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक पूरी ढाणी में रखा सामान, नगदी व आभूषण जल गए।

यह संयोग ही है कि सिलेंडर के आग पकड़ने के दौरान घर के सदस्य बाहर बैठे थे, वरना किसी की जान भी जा सकती थी। सिलेंडर में हुआ सुराख अभी तक की अधिकांश घटनाओं में रेग्युलेटर या गैस पाइप से या कहीं अन्य जगह से लीक होने से ऐसी दुर्घटना हुई है लेकिन इस दुर्घटना में गैस सिलेंडर के बीच में ही अचानक एक सुराख हो गया इससे पूरी गैस प्रेशर के साथ बाहर फैल गई।

पास में रखा चूल्हा भी जल रहा था और धमाका हो गया। आग से पूरा घर जल गया, परिवार अब खुले आसमान में रहने को मजबूर आर्थिक रूप से कमजोर पोकर गिरि अपनी पत्नी व बेटों के साथ इस ढाणी में रहते थे। अब यह ढाणी जल चुकी है, ऐसे में पूरे परिवार का सिर ढकने के लिए कोई जगह नहीं बची। ये लोग खुले आसमान में रहने को मजबूर हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता दिलवाने की मांग की है।


CATEGORIES
Share This