दिन में गर्मी और रात में ठंड का अहसास: दोपहर का तापमान 35 डिग्री तक पहुंचा, रात में गिरकर 21 डिग्री पर आ गया….










बीकानेर इन दिनों न तो ज्यादा गर्मी का एहसास हो रहा है और न सर्दी की ठंडी हवाएं पहुंच रही हैं। आमतौर पर कार्तिक पूर्णिमा के बाद ही बीकानेर में सर्दी का आगमन होता है।
बीकानेर में मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर कोलायत के कपिल सरोवर में पानी हिलने के बाद ही सर्दी की शुरुआत होती है। इस बार अधिक मास के कारण सर्द हवाएं जल्दी आने की उम्मीद थी लेकिन तापमान में फिर बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है।
अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। शनिवार को 35.6 डिग्री सेल्सियस पारा था। वहीं रात का तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद तापमान में कुछ कमी आई थी लेकिन एक बार फिर गर्मी बढ़ रही है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की भी कोई उम्मीद नहीं जताई है। ऐसे में तापमान में बढ़ोतरी या फिर इतना ही रहने की उम्मीद की जा रही है। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के जालौर में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है।

