Bikaner : पूनरासर में भरा शरद पूर्णिमा मेला, जयकारों से गूंजा आसमान…..


बीकानेर पूनरासर हनुमानजी मंदिर में शुक्रवार को ध्वजारोहण के साथ ही दो दिवसीय शरद पूर्णिमा मेला शुरू हो गया है। मेले में प्रदेश सहित हरियाणा, पंजाब आदि जगह से भी बड़ी संया में श्रद्धालु हाथों में ध्वजा लेकर पूनरासर धाम में बालाजी के दर्शन के लिए पहुंचे।

श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बालाजी के दरबार में धोक लगाई। श्रद्धालुओं ने आटा, घी व शक्कर से बने चूरमे का भोग लगाकर बाबा से संकट दूर करने की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने खेजड़ी बालाजी मंदिर में भी धोक लगाई।

खेजड़ी बालाजी मंदिर में श्रद्धालुओं ने पवित्र खेजड़ी को मोली बांधी एवं जात-झडूलों की परम्परा निभाई। अंजनी माता मंदिर परिसर में भी शरद पूर्णिमा मेले की धूम रही। यहां भी श्रद्धालुओं ने अंजनी माता मंदिर व राम दरबार मंदिर में धोक लगाई। पुजारी परिवार की ओर से जयराम धर्मशाला, श्रीपूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट की ओर से श्रीराम भोजनालय, गंगाजल कासनियां चेरिटेबल ट्रस्ट बेंगलूरु की ओर से सावित्री भवन के बाहर बालाजी के भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। यहां सावित्री भवन के बाहर जागरण में बीकानेर की कौशल्या रामावत पार्टी ने भक्ति रस से सराबोर बालाजी के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

सूडसर हनुमान मंदिर में खीर प्रसाद का वितरण

सूडसर. यहां हनुमानजी मंदिर में शुक्रवार को शरद पूर्णिमा मेला महोत्सव परवान पर रहा। शुक्रवार सुबह पुजारी रामचंद्र स्वामी परिवार की ओर से गणेश स्वामी, महेश स्वामी, मोहन स्वामी व किशन स्वामी ने बालाजी का विशेष श्रृंगार किया। पुजारी परिवार की ओर से बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ किए। शाम को संध्याकालीन आरती के बाद विशेष खीर महाप्रसाद का वितरण किया गया। दुलचासर गांव के गोनाणा रोही स्थित खेजड़ी बालाजी मंदिर में शुक्रवार सुबह रामचरित मानस के अखंड पाठ शुरू हुए, जो शनिवार सुबह आठ बजे तक चलेंगे। शनिवार सुबह खीर प्रसाद का वितरण होगा।

नापासर कस्बे से पूनरासर हनुमान डाक ध्वजा शुक्रवार शाम को रवाना हुई। राम भरोसे संघ के तत्वावधान में बड़ी संया में युवक पंचायत बस स्टैंड स्थित मेहन्दीपुर हनुमान मंदिर में बाबा की ज्योत प्रज्वलित कर नाचते गाते उत्साह से दौड़ते हुए बाबा की ध्वजा लिए रवाना हुए। संघ के मनोज तंवर ने बताया कि दूसरे साल डाक ध्वजा ले जाई जा रही है। संघ शुक्रवार दोपहर साढ़े तीन बजे पंचायत बस स्टैंड स्थित मेहन्दीपुर हनुमान मंदिर से पूजा अर्चना कर रवाना हुआ।


CATEGORIES
Share This