Bikaner – पुलिस ने दफनाया बच्ची का शव, परिजन पहुंचे तो मच गया हंगामा…










बीकानेर एक अज्ञात लड़की के शव का जल्दबाजी में पोस्टमार्टम करवाने और बाद में दफना देने की पुलिस कार्रवाई अब संदेह के घेरे में है। ये लड़की महाजन गांव की रहने वाली थी और लूणकरनसर में इसका शव मिला था।
पुलिस ने बिना पड़ताल किए ही उसका पोस्टमार्टम करवा दिया और दफना भी दिया। शुक्रवार रात उसका शव फिर से बाहर निकाला गया है और लूणकरनसर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए लूणकरनसर थानाधिकारी सहित तीन पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
दरअसल, महाजन थाने में गुरुवार को लड़की की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। शुक्रवार को मलकीकर पंपिंग स्टेशन के पास एक लड़की का शव मिला। लूणकरनसर पुलिस ने आला अधिकारियों को सूचना दिए बगैर ही आनन फानन में उसका पोस्टमार्टम करवा दिया। शव को दफना दिया। उधर, महाजन से जो लड़की लापता हुई थी, उसकी छानबीन चल रही थी। लड़की के परिजन लूणकरनसर पहुंचे तो पता चला कि एक लड़की को दफनाया गया है। दफनाने से पहले उसके फोटो लिए गए थे, जिसे देखने पर परिजन ने पहचान कर ली। पुलिस पर नाराज हुए कि गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी उन्होंने पड़ताल नहीं की और उसे दफना दिया। शनिवार रात इस शव को जेसीबी मशीन के सहयोग से खुदाई करके वापस निकाला गया।
लापता लड़की स्नेहा उर्फ शालू थी और दफनायी जा चुकी महिला की पहचान भी स्नेहा के रूप में परिजन कर रहे हैं। परिजनों का सवाल है कि लूणकरनसर पुलिस ने दफनाने से पहले महाजन सहित जिले के अन्य थानों को सूचना नहीं दी गई। परिजनों की नाराजगी को देखते हुए लूणकरनसर थानाधिकारी और दो कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया। हालांकि पुलिस ने अब तक ये पुष्टि नहीं की है कि मृत लड़की शालू उर्फ स्नेहा है। शालू के परिजनों का आरोप है कि पोस्टमार्टम भी सही तरीके से नहीं किया गया है। पोस्टमार्टम की औपचारिकता की गई है क्योंकि शव पर पोस्टमार्टम के निशान नहीं है। इसी कारण अब पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है।
बताया जा रहा है कि महाजन पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को पकड़ा भी था लेकिन पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया है। ऐसे में लड़की के परिजन उन्हीं लड़कों से फिर से पूछताछ की मांग कर रहे हैं। परिजनों ने लड़की की हत्या की आशंका जताई है। आरोप है कि हत्या कर शव को नहर में फेंका गया है। ऐसे में पूरे मामले की नए सिरे से जांच की मांग की जा रही है। लड़की का शव फिलहाल मोर्चरी में है, जहां लड़की के परिजन बैठे हैं और शनिवार को विरोध प्रदर्शन भी कर सकते हैं। लूणकरनसर के सीओ नोपाराम भाकर ने बताया कि लूणकरणसर पुलिस को मलकीसर पंपिंग स्टेशन लड़की के शव का मिला था। जिसका पोस्टमार्टम करवा कर दफनाया गया। मगर कहां चूक हुई यह जांच का विषय है। जांच में दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी । प्रथम दृष्ट्या लूणकरणसर थाना अधिकारी को लाइन हाजिर किया गया है।

