फंदे पर लटका सरकारी टीचर:मौत के कारणों को जानने में जुटी पुलिस….










बीकानेर के नापासर में स्थित सरकारी स्कूल की महिला टीचर के उस समय होश उड़ गए जब उसने ऑफिस में एक टीचर को फांसी पर लटका हुआ देखा। घटना बुधवार सुबह की है। सुसाइड करने वाला मांगीलाल रैण है। दरअसल, मांगीलाल रैण मंगलवार को स्कूल के बाद घर नहीं लौटे थे। इस पर उसके परिजनों ने ढूंढने का प्रयास किया। वो कहीं नहीं मिले।
उसके मोबाइल पर भी कॉल किया गया लेकिन वो नहीं मिला। देर रात तक परिजन उसे ढूंढ रहे थे। इस बीच बुधवार को सुबह जब स्कूल खुला तो टीचर सीमा ने ऑफिस खोला। अंदर देखते ही वो चिल्ला उठी क्योंकि अंदर मांगीलाल फंदे पर लटक रहा था। इस बारे में तुरंत मांगीलाल के घर वालों को सूचना दी गई। नापासर पुलिस को भी बताया गया। उसका शव उतारकर मॉर्च्युरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को दिया।
मांगीलाल के बेटे जितेंद्र रैण ने पुलिस काे दी रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता कल से घर से लापता थे। ढूंढने का प्रयास किया लेकिन नहीं मिले। सुबह टीचर सीमा ने कॉल करके बताया कि कमरे में लटके हुए हैं।
माना जा रहा है कि मांगीलाल कल स्कूल की छुट्टी होने के बाद घर गया ही नहीं। वो स्कूल में ही रहा और यहीं पर ऑफिस में उसने सुसाइड कर ली। सुसाइड करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस को अब तक किसी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।

