गाड़ी में पेट्रोल खत्म,बीमार बच्चे को लेने स्कूल कैसे जाऊं’










राजस्थान में वैट कम करने की मांग को लेकर आज 7000 से ज्यादा पेट्रोल पंप सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक बंद है। इसका सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है। लोग अपनी गाड़ियों में पेट्रोल और डीजल भराने के लिए अब दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हो रहे हैं।
राजधानी जयपुर में भी हालात काफी बिगड़ गए हैं। सिरसी रोड, 200 फीट बाइपास, वैशाली नगर, MI रोड और मानसरोवर, राजा पार्क में बड़ी संख्या में वाहन चालक पेट्रोल पंप संचालकों से पेट्रोल और डीजल की मांग को लेकर परेशान होते नजर आए। इस दौरान कुछ पेट्रोल पंप पर महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ परेशान होती नजर आईं। वहीं कुछ जगहों पर आम जनता पेट्रोल पंप संचालकों से ही उलझ गई। इस दौरान बमुश्किल समझाइश कर मामला शांत करवाया गया
पेट्रोल पंप संचालकों की हड़ताल आम जनता के लिए परेशानी का कारण बन गई है। जयपुर के सिरसी रोड स्थित कालरा पेट्रोल पंप पर अशोक नागर अपनी बाइक लेकर पहुंचे थे। इसमें पेट्रोल खत्म हो गया था, लेकिन लाख मिन्नतें करने के बाद भी पेट्रोल पंप संचालकों ने उनकी बाइक में पेट्रोल नहीं भरा। बल्कि उनको शाम 6 बजे तक इंतजार करने की बात कही। यह बात बोलने पर नागर नाराज हो गए।
उन्होंने कहा कि मुझे किसी काम से जाना था, लेकिन बाइक में पेट्रोल खत्म हो गया और मुझे परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा- सरकार की लापरवाही का नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है। वैट के मुद्दों पर सरकार को समय रहते पेट्रोल पंप मालिकों से बात करनी थी, ताकि आम जनता को दर-दर की ठोकर नहीं खानी पड़े।

