पुलिस नाकाबंदी तोड़कर भागा शराब तस्कर


सदर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार पकड़ी है। तस्कर देवल के पास पुलिस नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। पुलिस ने 5 किमी तक पीछा कर पकड़ लिया। तस्कर मौके का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। कार से 2 लाख की राजस्थान की बीयर पकड़ी है, जिसे गुजरात तस्करी की जा रही थी।

सदर थानाधिकारी प्रभुलाल ने बताया कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत थानाधिकारी के नेतृत्व में एसआई रमेशचंद्र, कॉन्स्टेबल रामकिशोर, मगनलाल, साइबर थाना हेड कॉन्स्टेबल नवीन कुमार और महावीर की टीम ने देवल के पास नाकाबंदी कर दी। इस दौरान डूंगरपुर की ओर से आ रही एक एसयूवी कार को आते देख रोकने का इशारा किया, लेकिन कार ड्राइवर तेज रफ्तार से भगाने लगा। पुलिस ने तस्करों का पीछा शुरू कर दिया। करीब 5 किमी तक पीछा करते हुए पुलिस ने बारों का शेर के पास तस्कर की कार को ओवरटेक करते हुए पकड़ लिया, लेकिन कार से तस्कर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास भी किया, लेकिन हाथ नहीं लगा। पुलिस ने कार की तलाशी ली। कार से राजस्थान निर्मित अवैध बीयर के 47 कार्टन मिले हैं। बीयर को तस्करी कर गुजरात ले जाने की फिराक में थे। पकड़ी गई बीयर की बाजार में कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने अवैध बीयर के साथ ही गुजरात नंबर की एक्सयूवी को जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस तस्कर को पकड़ने का प्रयास कर रही है।


CATEGORIES
Share This