राज्य में 19 हजार 84 टीचर्स को मिली नौकरी


विधानसभा चुनाव से ठीक पहले शिक्षा विभाग ने राजस्थान के 19 हजार 84 केंडिडेट्स को टीचर्स के रूप में नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। इन टीचर्स को अब जिला आवंटित हो गया है, जहां से जिला शिक्षा अधिकारी इन्हें स्कूल में पोस्टिंग देंगे। राज्य के हजारों स्कूल्स में टीचर्स की समस्या भी अब खत्म हो जाएगी। ये टीचर्स लेवल वन के हैं, जो प्राइमरी स्कूल में क्लास एक से पांच तक स्टूडेंट्स को पढ़ायेंगे।

शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने जिला आवंटन की सूचना सोशल मीडिया पर दी है। उन्होंने बताया कि राजस्थान कर्मचारी चयन आयोग की ओर से सिलेक्टेड केंडिडेट्स को जिला आवंटित किया गया है। अब जिला शिक्षा अधिकारी अपने अपने क्षेत्र में खाली पड़े पदों पर इनको पोस्टिंग देंगे। सभी टीचर्स को तुरंत स्कूल ज्वाइन करनी होगी। इस संबंध में प्रारम्भिक शिक्षा के जिला शिक्षा अधिकारी ही अलग से आदेश जारी करेंगे।

पहली पोस्टिंग गांव में

नए टीचर्स को पहली पोस्टिंग गांवों में रिक्त पड़े टीचर्स के पदों पर दी जाएगी। शहरी क्षेत्र में नए टीचर्स को पोस्टिंग नहीं मिल पाएगी। विभाग की ओर से पोस्टिंग के लिए पहले ही जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा निर्देश दे दिए गए हैं। आमतौर पर महिलाओं और दिव्यांग श्रेणी के केंडिडेट्स को शहर के आसपास के ग्रामीण विद्यालयों में पोस्टिंग दी जाएगी।

गृह जिले से दूर भी

बड़ी संख्या में टीचर्स को अपने गृह जिले से बाहर भी पोस्टिंग दी जा रही है। दरअसल, हर जिले में रिक्त पद अलग-अलग है। ऐसे में केंडिडेट्स को मेरिट के आधार पर जिला आवंटित किया गया है। बड़ी संख्या में केंडिडेट्स को अपने गृह जिले को छोड़ दूसरे जिले में नौकरी के लिए जाना पड़ेगा। प्रोबेशन पीरियड में इन टीचर्स को वापस गृह जिला मिलना मुश्किल होगा।

लेवल 2 की पोस्टिंग भी जल्द

शिक्षा विभाग अभी करीब इतने ही पदों पर लेवल टू के टीचर्स की पोस्टिंग के आर्डर भी जारी करेगा। फिलहाल एल-वन के आदेश दिए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि इसी महीने में शिक्षा विभाग करीब चालीस हजार टीचर्स को स्कूल्स में पोस्टिंग दे देगा। हिन्दी, पंजाबी और सिंधी के टीचर्स की पोस्टिंग होनी है, जबकि शेष छह अन्य के रिजल्ट अभी जारी होने हैं। लेवल 2 में करीब 27 हजार पदों पर नियुक्ति होनी है।


CATEGORIES
Share This