हरिद्वार के लिए नई ट्रेन 5 सितंबर से


मारवाड़ वासियों के लिए हर की पौड़ी में गंगा स्नान करना अब और आसान हो जाएगा। गुजरात के भावनगर टर्मिनस से आकर हरिद्वार जाने वाली नई साप्ताहिक ट्रेन मंगलवार 5 सितंबर को सुबह उद्घाटन फेरे पर जोधपुर आएगी।
उत्तर- पश्चिम रेलवे के जोधपुर डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रेल प्रशासन द्वारा हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पश्चिम रेलवे के भावनगर रेलवे स्टेशन से हरिद्वार के बीच एक नई ट्रेन आरंभ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अपने उद्घाटन फेरे पर ट्रेन 09271 भावनगर टर्मिनस से चलकर मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे जोधपुर पहुंच कर दस मिनट ठहराव के बाद जोधपुर मंडल के डेगाना,छोटी खाटू,डीडवाना,लाडनूं, सुजानगढ़ होते हुए हरिद्वार प्रस्थान करेगी। ट्रेन बुधवार सुबह 3.40 बजे हरिद्वार पहुंच जाएगी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन वापसी में 19272,हरिद्वार-भावनगर एक्सप्रेस हरिद्वार से हर बुधवार को सुबह 5 बजे रवाना होकर उसी दिन रात्रि 11 बजे जोधपुर आकर 11.10 बजे प्रस्थान कर समदड़ी,मोकलसर,जालोर,मोदरान,मारवाड़ भीनमाल,धनेरा,भीलड़ी व पाटण के रास्ते अगले दिन दोपहर 12.45 बजे भावनगर टर्मिनस पहुंच जाएगी।
सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा हेतु ट्रेन में 1 सेकंड एसी,3 थ्री टायर एसी,9 स्लीपर,3 जनरल व दो एसएलआर सहित 18 आईसीएफ कोच होंगे जिससे यात्रियों को हरिद्वार तक यात्रा करने के लिए अतिरिक्त सीटें मिल सकेंगी।


CATEGORIES
Share This