Bikaner :मौसम का बदला मिजाज, तापमान 13.6 डिग्री…..










बीकानेर मरुनगरी के मौसम में इन दिनों दिलचस्प किस्म का रोमांस चल रहा है। सर्दी कम होने का नाम नहीं ले रही है, जबकि न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे सीजन के न्यूनतम बिंदु 2.8 से बढ़ कर 7.4 तक पहुंच चुका है।
हालांकि, अधिकतम तापमान भी जैसे न्यूनतम तापमान से करीबी बढ़ाने को उतावला होकर 13.6 डिग्री तक लुढ़क आया है। इन सबके बीच आम जनजीवन सी-सी करते हुए ही सही, जीवन नैया को खे रहा है। नए साल की शुरुआत से ही शुरू हुई गलन धीरे-धीरे बढ़ ही रही है। तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच जो चीज स्थिर है, वह है आम जनजीवन को हो रहा गलन का अहसास। सुबह हो या शाम। रात हो या भोर। गलन कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। पारामापी चाहे न्यूनतम तापमान में जितनी भी बढ़ोतरी दिखाए, लेकिन कंबल-रजाई से बाहर निकलते ही हाथ हो या पैर, गलन का अहसास सिर चढ़ कर बोलने लगता है।
रविवार सुबह भी पिछली कुछ सुबह से अलग नहीं रही। घने कोहरे ने भोर का स्वागत किया। आलम यह रहा कि दोपहर चली भी गई, लेकिन लोगों में भोर का अहसास ही बना रहा। वजह बाहर छाया घना कोहरा था। शाम तक धूप कोहरे को चीरने की जद्दोजहद ही करती दिखी। गौरतलब है कि बीकानेर में करीब एक सप्ताह से कोहरा छाया रह रहा है। इस वजह से अधिकतम तापमान इस सीजन में सबसे कम दर्ज किया गया। घना कोहरा होने के कारण पानी की बूंदें भी हल्की बरसात की तरह गिर रही हैं।
रविवार को सर्दी से बचाव के लिए लोग घरों में ही दुबके रहे। निकले वही लोग, जिन्हें जरूरी काम था। धूप नहीं निकलने की वजह से अंधेरा भी जल्दी हो गया। शाम को भी सड़कों पर आवाजाही कम ही रही। शहर के अनेक मोहल्लों और चौकों में धूणों के तपन से सर्दी को दूर करने का प्रयास किया गया। अधिकतम तापमान में एक डिग्री की कमी दर्ज की गई थी। अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शनिवार को यह 14.2 डिग्री सेल्सियस था। वहीं न्यूनतम तापमान शुक्रवार के 6 डिग्री के मुकाबले शनिवार को 7.4 डिग्री तक पहुंच गया।

