Bikaner :करणपुर में टीटी की हार से संभाग से एक मंत्री पद छीना…….,


बीकानेर करणपुर से हारने के बाद सुरेंद्र पाल सिंह टीटी ने अपना इस्तीफा सीएम को भेज दिया है. इससे निश्चित तौर पर बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. बीकानेर संभाग से एक मंत्री पद भी छिन गया है.

इससे संभाग के विधायकों में एक बार फिर मंत्री पद को लेकर उम्मीद जगी है. बीकानेर की जनता ने भाजपा को इतना भारी वोट दिया है कि उम्मीदें होना स्वाभाविक है। नेताओं के बीच अटकलें शुरू हो गई हैं कि कौन सा विधायक किस समीकरण के चलते कैबिनेट में जगह बना सकता है. करणपुर सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई थी. यही वजह है कि पार्टी ने सारी मर्यादाओं को नजरअंदाज कर बीच चुनाव में उम्मीदवार को कैबिनेट में जगह दे दी. इतना ही नहीं सरकार का एक बड़ा हिस्सा चुनाव प्रचार के लिए करणपुर भेजा गया लेकिन सहानुभूति लहर में बीजेपी की रणनीति फेल हो गई. प्रत्याशी को मंत्री बनाने का प्रलोभन भी काम नहीं आया.

हैरानी की बात यह है कि चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ से एक-एक विधायक होने के बावजूद भी एक मंत्री है, लेकिन बीकानेर से छह विधायक होने के बावजूद भी एक ही मंत्री है. टीटी की हार के बाद अब पूरे संभाग में सुमित गोदारा ही एकमात्र मंत्री हैं. श्री गंगानगर से जयदीप बिहानी, हनुमानगढ़ से भादरा और चूरू से बीजेपी विधायक जीते. बीकानेर में कांग्रेस केवल नोखा की सहानुभूति सीट से जीती। बीकानेर की जनता ने पहली बार भाजपा को 6 सीटें दीं। बदले में बीजेपी ने यहां से सिर्फ एक विधायक को मंत्री बनाया. कांग्रेस शासनकाल में यहां से तीन विधायक चुनाव जीते थे और तीनों को मंत्री बनाया गया था. ऐसे में कांग्रेस अब इसे लोकसभा में मुद्दा बनाएगी

हैरानी की बात यह है कि बीकानेर जातिगत आंकड़ों में भी पिछड़ता नजर आ रहा है. खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल पश्चिमी राजस्थान विशेषकर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर, जैसलमेर से जीतने वाले एकमात्र एससी विधायक हैं। फिर भी उन्हें मौका नहीं दिया गया क्योंकि अर्जुनराम मेघवाल केंद्र में कानून मंत्री हैं. इसीलिए डॉ. विश्वनाथ की जगह एक एससी महिला को मंत्री पद मिला। भाजपा मंत्रिमंडल के गठन के बाद राजपूत मतदाता भी नाराज हैं, क्योंकि कोलायत से सिद्धि कुमारी और अंशुमान सिंह भाटी विधायक हैं, लेकिन पूरे संभाग से राजपूतों को दरकिनार कर दिया गया। जोधपुर में राजपूत समाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोकसभा में बीजेपी का बहिष्कार करने का फैसला किया है. वहीं, गजेंद्र सिंह शेखावत की वजह से किसी राजपूत का नंबर कैबिनेट में नहीं आया.

कैबिनेट को लेकर एक बड़े राजपूत नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 16 राजपूत बीजेपी के विधायक हैं. मंत्रिमंडल में ऐसे राजपूत नेताओं को मंत्री बनाया गया जिन तक आम आदमी आसानी से नहीं पहुंच पाता। उन्होंने कहा कि दीया कुमारी राजघराने से हैं, गजेंद्र सिंह खींवसर से मिलने में भी कई बाधाएं हैं. राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का कद पहले से ही इतना बड़ा है कि आम राजपूत उन तक आसानी से नहीं पहुंच पाएंगे. आम राजपूतों से जुड़े राजपूत नेताओं को कैबिनेट से दूर रखा गया. इससे राजपूतों में गहरी नाराजगी है. बीकानेर संभाग में एक और मंत्री पद देने की मांग टीटी की हार और इस्तीफे के बाद बीकानेर संभाग में दो मंत्रियों की संख्या घटकर अब एक मंत्री रह गई है. क्योंकि अकेले बीकानेर ने ही बीजेपी को छह विधायक दिए हैं. इसके विपरीत जयपुर को मंत्रिमंडल में इतने पद दिए गए कि बीकानेर संभाग की जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। मुख्यमंत्री के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री राज्यवर्धन सिंह भी जयपुर से हैं.


CATEGORIES
Share This