दो ट्रकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक चालक की मौत……


देर रात को दो ट्रकों में हुई आमने-सामने भिड़न्त में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई तथा हादसे में एक जना गंभीर घायल हो गया।

लूणकरनसर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर बामनवाली के पास शनिवार देर रात को दो ट्रकों में हुई आमने-सामने भिड़न्त में एक ट्रक के चालक की मौत हो गई तथा हादसे में एक जना गंभीर घायल हो गया। हादसा संभवत: एक ट्रक के चालक को नींद की झपकी आने से होना बताया जा रहा है। लूणकरनसर थानाधिकारी अमित कुमार स्वामी ने बताया कि गुजरात से केमिकल से भरा टैंकर पंजाब की तरफ जा रहा था।
शनिवार रात करीब 2 बजे राजमार्ग-62 पर बामनवाली के पास ट्रेलर-ट्रक से भिड़न्त हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में ट्रेलर ट्रक के चालक कोलायत के चक विजयसिंहपुरा निवासी बजरंग (23) पुत्र गंगाजल बिश्नोई निवासी की मौत हो गई। हादसे में ट्रेलर में सवार चक विजयसिंहपुरा निवासी राकेश (27) पुत्र राजाराम बिश्नोई गंभीर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने ट्रक के मालिक चक विजयसिंहपुरा निवासी सुरेन्द्र पुत्र भंवरलाल बिश्नोई की तरफ टैंकर चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज करवाया है।
राजमार्ग-62 पर आमने-सामने हुई ट्रक व टैंकर की भिड़न्त में सड़क पर जाम लगने से करीब तीन-चार घण्टे तक यातायात बाधित रहा। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर जाम खुलवाया।

CATEGORIES
Share This