काका ने की भतीजे की हत्या










शराब के नशे में धुत काका ने अपने भतीजे के सिर पर डंडा मारकर हत्या कर दी। घटना बीगोद कस्बे के कीरों की झोपड़िया की है। काका अपने बच्चों को पीट रहा था और भतीजा बीच बचाव में गया था। सिर पर डंडा मारने से भतीजा गंभीर घायल हो गया था। जिसकी उपचार के दौरान उदयपुर में मौत हो गई थी।
बीगोद थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि मंगलवार की रात को कीरो की झोपड़िया निवासी सोनू कीर व उसका भाई हरिलाल कीर अपने घर पर बैठे हुए थे। इस दौरान सोनू के पास उसकी चाची का फोन आया। चाची ने बताया कि उसका चाचा जगदीश कीर शराब के नशे में बच्चों को बुरी तरह पीट रहा है। हरिलाल व सोनू चाचा के घर पर पहुंचे और बच्चों को पीटने से रोकने लगे। जिस पर चाचा व हरिलाल के बीच धक्का-मुक्की हो गई। चाचा हरिलाल पर डंडे से वार कर रहा था और सोनू दोनों को रोक रहा था। इस दौरान चाचा ने सोनू के सिर पर डंडा मार दिया। जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गया। परिजन सोनू को पहले महात्मा गांधी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे उदयपुर एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। बुधवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में हरिलाल ने ने चाचा जगदीश के खिलाफ सोनू की हत्या का मामला दर्ज करवाया है।

